काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) स्थित सर सुंदरलाल चिकित्सालय में चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) पद की नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस महत्वपूर्ण पद के लिए कुल 18 डॉक्टरों ने आवेदन किया था, जिनमें से स्क्रीनिंग के बाद सात डॉक्टरों को साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इन सभी उम्मीदवारों का इंटरव्यू 10 अप्रैल को आयोजित होगा।
सूत्रों के अनुसार, इस पद के लिए सबसे अधिक आवेदन बीएचयू के आईएमएस-बीएचयू (इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) से आए थे। कुल 18 आवेदनों में 16 डॉक्टर आईएमएस-बीएचयू से और दो बाहरी संस्थानों से थे। प्रारंभिक जांच के बाद सात योग्य उम्मीदवारों को अंतिम साक्षात्कार के लिए चुना गया है।
BHU: इन प्रमुख डॉक्टरों को किया गया शॉर्टलिस्ट
शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की प्रो. अंजली रानी, न्यूरोलॉजी विभाग के प्रो. वी.एन. मिश्रा, ट्रॉमा सेंटर इंचार्ज प्रो. सौरभ सिंह, नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रो. शिवेंद्र सिंह और न्यूरोलॉजी विभाग के प्रो. आर.एन. चौरसिया शामिल हैं। इसके अलावा आईएमएस-बीएचयू (BHU) के एक अन्य वरिष्ठ चिकित्सक का नाम भी सूची में बताया जा रहा है।
वहीं बाहरी संस्थान से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान दिल्ली (एम्स) की पीडियाट्रिक सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. शिल्पा शर्मा का नाम भी शॉर्टलिस्ट (BHU) उम्मीदवारों में शामिल है, जिससे इस चयन प्रक्रिया में प्रतिस्पर्धा और कड़ी हो गई है।
अस्पताल प्रशासन (BHU) के मुताबिक, इंटरव्यू के बाद चयनित उम्मीदवार को चिकित्सा अधीक्षक पद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। यह पद अस्पताल के प्रशासनिक संचालन, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुविधा से सीधे जुड़ा होता है।

