उदय प्रताप कॉलेज (UP Collage) में हुए सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या के विरोध में छात्र धरना-प्रदर्शन पर डटे हुए हैं। बुधवार को छात्रों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए कॉलेज परिसर में सिर मुंडवाकर अपना गुस्सा जाहिर किया।
छात्रों का आरोप है कि इस पूरे मामले में कॉलेज प्रशासन की भूमिका भी संदिग्ध है। उन्होंने प्राचार्य डीके सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उन्हें पद से हटाने की मांग की है।
प्राचार्य पर कार्रवाई की मांग तेज
प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग है कि प्राचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें तत्काल पद से हटाया जाए। वहीं, मृतक छात्र के परिजनों ने भी यही मांग दोहराई है। सूर्य प्रताप सिंह (UP Collage) की मां का कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक प्राचार्य को अपने पद से हट जाना चाहिए।
जांच कमेटी गठित, 4 हफ्ते में रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीएम प्रशासन के नेतृत्व में एक जांच समिति गठित की गई है, जिसे 4 सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी है। समिति के गठन के बाद एक सप्ताह बीत चुका है और अब आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं। वहीं बुधवार को मृतक छात्र की तेरहवीं के दिन भी छात्र धरना स्थल पर डटे रहे और न्याय की मांग (UP Collage) को लेकर प्रदर्शन जारी रखा।
UP Collage: 20 मार्च को घटित हुई थी घटना
गौरतलब है कि 20 मार्च की सुबह करीब 11 बजे कॉलेज परिसर (UP Collage) में ही छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात का आरोप कॉलेज के ही छात्र मनजीत चौहान पर है, जिसे घटना के दिन ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, इस मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी अनुज सिंह मौर्य ने 31 मार्च को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।
हत्या के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा था। कॉलेज परिसर में जमकर तोड़फोड़ की गई, कुर्सियां और मेज तोड़ी गईं, कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। इस दौरान कुछ शिक्षक (UP Collage) भी छात्रों के आक्रोश का शिकार हुए और घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस और पीएसी बल को मौके पर तैनात करना पड़ा। फिलहाल, कॉलेज परिसर में भारी पुलिस बल की मौजूदगी बनी हुई है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

