UP: मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कूल बस ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिसमें पिता और दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
UP: ऐसे हुआ सड़क हादसा
यह हादसा हैदरनगर मार्ग (UP) पर करीब 1:15 बजे हुआ। महिपाल (45) अपनी पत्नी पूनम (45) और दो बच्चों—पुत्र अभी (8) व पुत्री राधिका (12)—के साथ मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कूल बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि महिपाल और दोनों बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों (UP) की मदद से गंभीर रूप से घायल पूनम को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है।

