Varanasi: शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना लंका पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने हाइड्रोपोनिक (ऑर्गेनिक) गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई 1 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:45 बजे रविंद्रपुरी पुलिया के पास की गई, जहां से पुलिस ने आदित्य सिंह (निवासी गोरखपुर) और वासू केडिया (निवासी भेलूपुर, वाराणसी) को गिरफ्तार किया। पुलिस (Varanasi) ने आरोपियों के कब्जे से 145 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया। यह गांजा विशेष तकनीक से उगाया जाता है, जिसकी बाजार में कीमत सामान्य गांजे से कई गुना अधिक होती है।
Varanasi: पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आदित्य सिंह गोरखपुर से हाइड्रोपोनिक गांजा लाकर वाराणसी (Varanasi) में वासू केडिया को सप्लाई करता था। इसके बाद वासू घाट क्षेत्रों में इसे छोटे-छोटे पैकेट में तैयार कर ऊंचे दामों पर बेचता था। इस अवैध कारोबार से दोनों आरोपी अपने महंगे शौक पूरे कर रहे थे।
इस मामले में थाना लंका (Varanasi) में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच उपनिरीक्षक शैलेष शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा।

