वाराणसी (Varanasi) में चर्चित कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। हवाला कारोबारी वैभव जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद अब पूरे नेटवर्क और उसके पारिवारिक संबंधों की जांच तेज कर दी गई है। इस बीच सपा व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल का नाम भी चर्चा में आ गया है, जिससे राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में वैभव सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 42 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीनें, मोबाइल फोन और अन्य संदिग्ध सामान बरामद हुआ है। जांच में करोड़ों रुपये के हवाला लेन-देन की बात भी सामने आई है।
हवाला नेटवर्क का मास्टरमाइंड वैभव
गौरव बंशवाल के मुताबिक, मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के करीबी वैभव जायसवाल इस पूरे रैकेट का अहम किरदार है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि तस्करी (Varanasi) से कमाई गई रकम को हवाला के जरिए इधर-उधर भेजा जा रहा था। बताया जा रहा है कि वैभव इस रकम को सोना, शराब और साड़ी कारोबार के जरिए ‘व्हाइट’ करने में जुटा था। उसके पास से छोटे मूल्य के नोटों के बंडल भी मिले हैं, जिनका इस्तेमाल हवाला लेन-देन में पहचान के तौर पर किया जाता था।
वैभव जायसवाल, सपा व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल का भतीजा बताया जा रहा है। भतीजे की गिरफ्तारी (Varanasi) के बाद अब प्रदीप जायसवाल की भूमिका और संबंधों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। साथ ही, मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के साथ उनके फोटो भी सामने आए हैं। हालांकि, प्रदीप जायसवाल ने इन आरोपों से दूरी बनाते हुए इसे पारिवारिक विवाद बताया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अब एसआईटी के हाथों में है। टीम वैभव के परिवार, रिश्तेदारों और उससे जुड़े लोगों के बैंक खातों की जांच कर रही है, ताकि अवैध कमाई के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
Varanasi: अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच
पुलिस को आशंका है कि इस रैकेट के तार विदेशों तक जुड़े हो सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, फरार आरोपी शुभम जायसवाल दुबई और नेपाल में छिपा हो सकता है। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए हवाला के जरिए पैसों का लेन-देन कर रहा है और अपने सहयोगियों से फेसटाइम के माध्यम से संपर्क में है।
गौरतलब है कि इस मामले (Varanasi) को लेकर अखिलेश यादव पहले ही भाजपा नेताओं और अन्य लोगों की भूमिका पर सवाल उठा चुके हैं। अब इसी मामले में उनकी पार्टी के पदाधिकारी के परिवार का नाम सामने आने से सियासी माहौल और गरमा गया है।

